CG: “निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं” विकास कार्यों पर डिप्टी CM अरुण साव सख्त, अधिकारियों को कार्य संस्कृति में बदलाव के निर्देश

दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दंतेवाड़ा में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तय समय-सीमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। काम में अनावश्यक देरी या प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यशैली और कार्य संस्कृति में बदलाव लाकर परिणाम आधारित काम करने के निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर देवेश ध्रुव भी मौजूद रहे।

काम में देरी पर तय होगी जवाबदेही
अरुण साव ने कहा कि सड़क, भवन, पुल-पुलिया सहित सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को भी काम की गुणवत्ता और गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने सरकारी कार्यालयों और परिसरों को स्वच्छ, व्यवस्थित और आम नागरिकों के अनुकूल रखने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

PM आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बन रहे आवासों की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन आवासों का काम तेज गति से पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन आवासों का निर्माण अंतिम चरण में है, उन्हें जल्द पूरा कराया जाए, ताकि हितग्राहियों को इसका लाभ मिल सके।

जल जीवन मिशन की योजनाओं को जल्द पूरा करने कहा
अरुण साव ने जल जीवन मिशन की पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संचालन के लिए ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को जल्द पूरा कराने को कहा।

उन्होंने ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों के लंबित बिलों के भुगतान की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए। इसके लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति योजनाओं का प्रभावी संचालन हो सके।

बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात खत्म होते ही सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता, सक्रियता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करें। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

बैठक में वनमंडलाधिकारी रामाकृष्ण रंगानाथा वाय., अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बस्तर संभागीय और दंतेवाड़ा जिला कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment