Site icon

Holi 2026 : होली पर घर आए मेहमानों को खिलाएं स्वादिष्ट कुरकुरी मीठी मठरी, यहां देखें रेसिपी …

Holi 2026 : होली सिर्फ रंगों का नहीं, बल्कि स्वाद और परंपराओं का भी त्योहार है. इस त्योहार में पारंपरिक और स्वादिष्ट स्नैक्स बनाने की प्रथा काफी पुरानी है. होली पर घर आए मेहमानों और दोस्तों का मुंह मीठा करवाने के लिए घर पर बने स्वादिष्ट मिठाई बहुत अच्छे लगते हैं. इस मौके पर घर में बनी मिठाइयों की खुशबू पूरे माहौल को और खास बना देती है. अगर आप इस होली कुछ अलग, कुरकुरा और रिच स्वाद ट्राई करना चाहते हैं, तो स्पेशल मीठी मठरी एक बेहतरीन विकल्प है. यह रेसिपी उत्तर भारत की पारंपरिक मिठाइयों से प्रेरित है जिसमें घी की खुशबू, इलायची की महक और केसरिया चाशनी की मिठास हर बाइट को त्योहार जैसा बना देती है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसीपी.

सामग्री
मैदा-2 कप
सूजी-½ कप
देसी घी -½ कप (मोयन के लिए)
इलायची पाउडर-½ छोटा चम्मच
पिसी चीनी-2 बड़े चम्मच
नमक-एक चुटकी
जरूरत अनुसार गुनगुना दूध या पानी
चीनी-1 कप
पानी-½ कप
केसर के धागे-8–10
इलायची पाउडर-½ छोटा चम्मच (चाशनी के लिये)

विधि
एक बड़े बर्तन में मैदा, सूजी, नमक और पिसी चीनी मिलाएँ. अब इसमें घी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें जब तक मिश्रण मुठ्ठी में दबाने पर बंधने लगे.
धीरे-धीरे दूध या पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें.
ढककर 15–20 मिनट के लिए रख दें.
आटे की लोई बनाकर मध्यम मोटाई में बेलें. कांटे से हल्के छेद करें ताकि तलते समय फूले नहीं.
छोटे गोल या मनचाहे आकार में काट लें.
कढ़ाही में मध्यम आंच पर घी या तेल गरम करें.
धीमी से मध्यम आंच पर मठरी को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. टिश्यू पेपर पर निकाल लें.
एक पैन में चीनी और पानी उबालें. 1 तार की चाशनी तैयार करें. अब इसमें केसर और इलायची डालें. गुनगुनी चाशनी में तली हुई मठरी डालें और अच्छे से कोट करें. जालीदार प्लेट पर फैलाकर सूखने दें.

परफेक्ट स्वाद के टिप्स

ज्यादा कुरकुरापन के लिए आटा थोड़ा सख्त रखें.
तलते समय आंच धीमी रखें ताकि मठरी अंदर तक क्रिस्प बने.
चाहें तो ऊपर से पिस्ता या बादाम की कतरन भी डाल सकते हैं.

Exit mobile version