Site icon

Chhattisgarh News : कोंडागांव की बेटी सुनीता नेताम ने रचा इतिहास, तीन खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर चयन, गांव में जश्न का माहौल

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले का नाम रोशन करते हुए अनंतपुर की होनहार छात्रा सुनीता नेताम ने खेल जगत में इतिहास रच दिया है। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनंतपुर की कक्षा आठवीं में अध्ययनरत सुनीता ने हाल ही में जगदलपुर में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर तीन खेलों — 100 मीटर, 200 मीटर और 4×100 मीटर रिले रेस में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन सुनिश्चित किया।

चार इवेंट्स में दिखाया दमखम

अंडर-14 वर्ग में बस्तर संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए सुनिता ने 100 मीटर, 200 मीटर, लंबी कूद और रिले रेस में दमखम दिखाया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने तीन इवेंट्स में प्रथम स्थान प्राप्त कर सीधे लखनऊ में होने वाले नेशनल गेम्स के लिए क्वालीफाई किया।

उनकी इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय के पी.टी.आई. कुंजन लाल ठाकुर, शिक्षक चरण सिंह मरकाम और कन्या आश्रम अधीक्षिका खिलेश्वरी मरकाम का विशेष मार्गदर्शन रहा।

गांव में उत्सव का माहौल

सुनिता की इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरे गांव में जश्न का माहौल बन गया। घर लौटने पर उनका स्वागत परंपरागत अंदाज़ में बाजे-गाजे और मांदरी नृत्य के साथ किया गया। अटल चौक से विद्यालय तक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य रद्द्मा बघेल, जनपद सदस्य निलिमा प्रभाकर, ग्राम सरपंच विकम मंडावी, पूर्व सरपंच दयालराम नेताम, प्राचार्य डी. के. कोमरे, प्रधानाध्यापक एच.आर. प्रयाग, सुशीला शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने सुनिता को आशीर्वाद व शुभकामनाएं दीं। पिता दलसाय नेताम और माता हेमबती नेताम की इस बेटी ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

गांव और विद्यालय परिवार ने इस पल को उत्सव में बदलते हुए विश्वास जताया कि सुनिता जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर भी कोंडागांव का परचम लहराएगी।

Exit mobile version