CG: 9 की मौत मामला: मुख्यमंत्री के निर्देश पर अफसरों की टीम रवाना, सीएम बोले, कठिन समय में परिवारों के साथ खड़ी है सरकार

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है। हादसे में छोटे बच्चों के भी असामयिक निधन की जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

घायलों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ से टीम रवाना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर हादसे में घायल नागरिकों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन से लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा सके।

CM साय ने कहा- कठिन समय में परिवारों के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

भंडारा हादसे के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार की टीम घायलों के उपचार, मृतकों से जुड़े परिवारों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर आगे की आवश्यक कार्रवाई में सहयोग करेगी।

Leave a Comment